logo

रांची में डेंगू का खतरा बढ़ा, 29 घरों में मिला लार्वा; स्वास्थ्य विभाग ने तेज किया सर्विलांस अभियान

IMG-20260728-WA0003.jpg

रांची 
रांची में डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को रांची शहरी क्षेत्र के सात वार्डों में घर-घर जाकर डेंगू सर्विलांस अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभावित मरीजों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों की भी जांच की। अभियान के दौरान 166 घरों की जांच की गई, जिसमें 29 घरों में डेंगू का लार्वा पाया गया। टीम ने कूलर, पानी की टंकी, गमले, पुराने टायर और अन्य जलजमाव वाले स्थानों की जांच की। कुल 1246 बर्तनों की जांच में 38 बर्तनों में डेंगू के लार्वा मिले।
वार्ड 21, 22 और 23 में सबसे ज्यादा मिले लार्वा
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड संख्या 21, 22 और 23 में कुल 76 घरों की जांच की। इनमें 16 घरों में डेंगू के लार्वा पाए गए। इस दौरान 680 बर्तनों की जांच की गई, जिसमें 25 बर्तनों में लार्वा मिला। वहीं, वार्ड संख्या 16, 5, 27 और 28 में 90 घरों की जांच की गई। यहां 13 घरों में डेंगू के लार्वा मिले। टीम ने कुल 566 बर्तनों की जांच की, जिसमें 13 बर्तनों में मच्छरों के प्रजनन स्थल पाए गए।
लोगों को साफ-सफाई और पानी जमा नहीं होने देने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लार्वा मिलने वाले घरों में लोगों को जागरूक किया और पानी जमा नहीं होने देने की अपील की। टीम ने घरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई रखने तथा मच्छरों के पनपने वाले स्थानों को खत्म करने की सलाह दी। विभाग के अनुसार, डेंगू नियंत्रण के लिए यह अभियान रोजाना शहर के सात अलग-अलग वार्डों में चलाया जा रहा है, ताकि समय रहते डेंगू, मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सके। 
सप्ताह में एक दिन मनाएं ड्राई डे
सर्विलांस टीम ने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन ड्राई डे मनाने की अपील की है। इस दिन घर में रखे कूलर, पानी की टंकी, बाल्टी, गमले और पुराने टायरों की जांच कर जमा पानी को खाली करने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि घर के अंदर ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी पानी जमा नहीं होने देना जरूरी है, क्योंकि डेंगू फैलाने वाले मच्छर साफ पानी में भी पनप सकते हैं। 
लक्षण दिखने पर तुरंत लें डॉक्टर की सलाह
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, शरीर में दर्द, आंखों के पीछे दर्द या त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई देने पर इसे सामान्य बुखार समझकर नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण डेंगू के संकेत हो सकते हैं। इसलिए समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेना बेहद जरूरी है, ताकि बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सके।
घरों में इन जगहों पर रखें विशेष नजर
1 कूलर और पानी की टंकी में पानी जमा न होने दें।
2 गमलों और पुराने टायरों में पानी रुकने से बचाएं।
3 सप्ताह में एक दिन घर की पूरी सफाई कर ड्राई डे मनाएं।
4 तेज बुखार, शरीर दर्द और अन्य लक्षणों को नजरअंदाज न करें।
5 आसपास जलजमाव दिखने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।
 

Tags - Ranchi Dengue Alert Health Department Jharkhand News Mosquito Control