द फॉलोअप डेस्क, रांची
76वें गणतंत्र दिवस पर रांची उपायुक्त मंजूनाथ भंजत्री ने जिला के प्रारम्भिक विद्यालयों के तीन शिक्षकों को 'शिक्षक पुरस्कार' से सम्मानित किया। यह पुरस्कार उन्हें उनके बेहतरीन कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए दिया गया। उपायुक्त ने पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों से कहा आपका कार्य बहुत महत्वपूर्ण है आपके हाथों में राज्य और देश का भविष्य है। शिक्षक बच्चों को न केवल ज्ञान बल्कि एथिक्स भी पढ़ाएं ताकि रांची जिला में शिक्षा को बेहतर से बेहतरीन बनाया जा सके। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि रांची जिले के छात्र/छात्राएं पढ़ाई में अव्वल आकर झारखंड राज्य का नाम पूरे देश में रोशन करें।
उपायुक्त ने शिक्षकों को दिए कई सुझाव
उपायुक्त मंजुनाथ भंजत्री ने जिले के सभी शिक्षकों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने यह भी बताया कि रांची जिला शिक्षा के क्षेत्र में कई उत्कृष्ट प्रयास कर रहा है। रांची जिला राज्य में जैक द्वारा आयोजित 8वीं कक्षा के लिए प्री-बोर्ड परीक्षा आयोजित करने वाला एकमात्र जिला बना है। रांची स्पीकस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों के भाषाई कौशल में सुधार के लिए बेहतरीन प्रयास किए जा रहे हैं। भजन्त्री ने कहा कि राज्य सरकार भी शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार कर रही है, जिसका उदाहरण झारखंड के 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय) हैं, जहां सीबीएससी की तर्ज पर निःशुल्क पढ़ाई होती है।
डीसी ने इन शिक्षकों को किया सम्मानित
1. पुष्पा लुगुन, प्रभारी प्रधानाध्यापक, रा.उत्क्र.म.वि., पाहनटोली ओरमांझी
2. पुखराज प्रसाद सिन्हा, सहायक शिक्षक, रा. उत्क्र. उच्च वि. उरूगुटू कांके
3. रोहित एक्का, स.शि. रा.प्रा.वि. डोमनडीह, सिल्ली