logo

दशम फॉल में बहा पटना का युवक, तलाश जारी

दशम फॉल में बहा पटना का युवक, तलाश जारी

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची से सटे बुंडू स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दशम फॉल में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। फॉल के ऊपरी हिस्से में घूमने पहुंचे पटना के 26 वर्षीय युवक उज्ज्वल गुप्ता का पैर फिसल गया, जिसके बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से युवक लापता है। पुलिस और स्थानीय ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। जानकारी के अनुसार, बिहार के पटना जिले के दानापुर निवासी उज्ज्वल गुप्ता रविवार शाम अपने मौसेरे भाई प्रकाश कुमार के साथ दशम फॉल घूमने आया था। दोनों शाम करीब 5:30 बजे फॉल पहुंचे। घूमने के दौरान दोनों फॉल के ऊपरी हिस्से में स्थित खतरनाक जगह पर चले गए। इसी दौरान उज्ज्वल का पैर फिसल गया और वह पानी के तेज बहाव में बह गया।


स्थानीय लोगों ने किया था सतर्क, फिर भी नहीं माने
बताया जाता है कि दशम फॉल के आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को खतरनाक हिस्से में जाने से मना किया था। उन्हें वहां जाने के जोखिम के बारे में भी आगाह किया गया, लेकिन दोनों ने उनकी सलाह पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद यह हादसा हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद देर शाम फॉल में तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि, काफी खोजबीन के बावजूद उज्ज्वल गुप्ता का पता नहीं चल सका। फिलहाल पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मिलकर उसकी तलाश कर रहे हैं।


पर्यटकों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दशम फॉल में तैनात पर्यटक मित्र शाम पांच बजे अपनी ड्यूटी समाप्त कर चले जाते हैं। ऐसे में शाम के समय पर्यटकों के खतरनाक हिस्सों तक पहुंचने को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। फॉल में पानी का तेज बहाव और फिसलन जानलेवा साबित हो सकती है। यह घटना पर्यटकों के लिए भी चेतावनी है कि स्थानीय लोगों की सलाह और सुरक्षा संबंधी निर्देशों को नजरअंदाज कर जोखिम भरे स्थानों पर जाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।

Tags - Dassam Falls Bundu Ranchi Ujjwal Gupta missing Patna Danapur Dassam Falls accident