logo

नदी किनारे बालू में दफन मिली युवती की लाश

नदी किनारे बालू में दफन मिली युवती की लाश

द फॉलोअप डेस्क
दशम फॉल थाना क्षेत्र के चुरगी पंचायत अंतर्गत सरजामडीह गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी किनारे बालू में दफन एक युवती का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव का कुछ हिस्सा बालू से बाहर दिखाई देने पर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर आवश्यक छानबीन शुरू कर दी है।


अड़की थाना क्षेत्र की बताई जा रही है मृतका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अड़की थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव पूरी तरह बालू में दबा हुआ है और उसका केवल कुछ हिस्सा ही बाहर दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अड़की पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव को बालू से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से उठ रहे सवाल
नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में युवती का शव मिलने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को बालू में क्यों दबाया गया। घटना के बाद सरजामडीह समेत आसपास के गांवों में दहशत और कौतूहल का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

 

Tags - Ranchi News Jharkhand Crime Dasham Fall Crime News Police Investigation