logo

रांची की सड़कों पर अचानक उतरे यमराज, चालकों के उड़े होश!

रांची की सड़कों पर अचानक उतरे यमराज, चालकों के उड़े होश!

द फॉलोअप डेस्क:

राजधानी रांची ( Ranchi) की सड़कों पर शनिवार सुबह एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब दलादली चौक (Daladali Chowk) पर वाहन जांच के दौरान यमराज के वेश में मौजूद व्यक्ति ने लोगों का ध्यान खींचा। यहां विशेष वाहन जांच अभियान के जरिए वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान परिवहन सचिव भी मौजूद रहे। अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को केवल चालान के डर से नियम मानने की सीख देने के बजाय गुलाब का फूल देकर उन्हें अपनी जिम्मेदारी समझाने का प्रयास किया गया। इस अनोखी पहल का उद्देश्य लोगों को यह एहसास कराना था कि सड़क पर सुरक्षित सफर करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी की रक्षा करने का भी सवाल है।

यमराज के किरदार ने दिया लापरवाही से बचने का संदेश

अभियान के दौरान यमराज के किरदार के जरिए वाहन चालकों को सड़क पर छोटी-सी लापरवाही के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत किया गया। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और यातायात संकेतों का ध्यान रखने की अपील की गई। इससे पहले भी रांची में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानों के दौरान गुलाब देकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा चुका है। ऐसे अभियानों का संदेश साफ है- सड़क पर सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, क्योंकि एक छोटी-सी चूक भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है। चालकों को नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की आदत अपनानी चाहिए।
 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Latest News Ranchi Road Safety Campaign Daladali Chowk Vehicle Checking