logo

CUJ के छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी पापा, खुद को संभाल ना सका; लड़की का भी जिक्र

SAKET1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची सीयूजे के बीटेक के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक का नाम साकेत कुमार है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था। छात्र ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें लिखा है- सॉरी पापा, हम खुद को संभाल नहीं सके। लाइफ बहुत ज्यादा बोझ लगने लगा। घुट-घुट कर जी रहे थे। एक युवती के नाम का भी जिक्र करते हुए पिता से कहा है कि उसे कुछ नहीं होने दीजिएगा। छात्र के आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रेम-प्रसंग के एंगल से पूरे मामले की जांच की जा रही है।


मकान मालकिन ने आवाज दी तो नहीं निकला
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह 9 बजे तक साकेत कमरे से बाहर नहीं निकला तो मकान मालिक ने आवाज दी। काफी आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद आस-पास के लोगों को बुलाकर गेट की कुंडी तोड़ी तो देखा कि वह फंदे से झूल रहा है। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। उसके भाई के बयान पर पुलिस ने यूडी का केस दर्ज किया है। जिसके बाद भाई परिजनों के साथ शव लेकर बिहार स्थित औरंगाबाद चला गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


परीक्षा के एक दिन पहले सुसाइड
साकेत के कमरे से मिले सुसाइड नोट को पुलिस ने जब्त कर लिया है। जिसको फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा, ताकि साकेत की हैंडराइटिंग से उसका मिलान कराया जा सके। इसके अलावा पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी जब्त किया है। परीक्षा से एक दिन पहले साकेत ने आत्महत्या क्यों की, पुलिस अब टेक्निकल टीम के सहारे स्पष्ट कारण खंगाल रही है। उसके कॉल डिटेल से जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Tags - StudentSuicide MentalHealth RanchiNews BreakingNews Jharkhand