द फॉलोअप डेस्क:
रांची में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सम्मिलित रक्षा सेवा परीक्षा (II) और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौ सेना अकादमी (II), 2026 के कदाचार मुक्त संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। उपायुक्त-सह-जिला रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन के संयुक्त आदेश से परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर असामाजिक तत्वों की ओर से भीड़ जुटाकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका को देखते हुए सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने BNSS की धारा-163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की है। ये आदेश 13 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 9 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एक जगह जमा होने, लाउडस्पीकर के इस्तेमाल, हथियार या हरवे-हथियार लेकर चलने और किसी तरह की बैठक या आमसभा आयोजित करने पर रोक रहेगी। सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी और शवयात्रा को इन प्रतिबंधों से छूट दी गई है।

रांची के कुल कितने परीक्षा केंद्र होंगे प्रभावित
ये निर्देश रांची के कुल 21 परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में प्रभावी रहेगी। इनमें सेंट्रल एकेडमी बरियातू रोड, संत अलोइस हाई स्कूल, संत अन्ना बालिका उच्च विद्यालय, उर्सुलाइन इंटर कॉलेज, संत अन्ना इंटरमीडिएट कॉलेज, गोस्सनर हाई स्कूल, फिरायालाल पब्लिक स्कूल, संत पॉल कॉलेज, राजकीय बालिका +2 उच्च विद्यालय बरियातू, डोरंडा कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज क्लब रोड के सब सेंटर ए और बी, डीएवी पब्लिक स्कूल गांधी नगर सीसीएल के सब सेंटर ए और बी, निर्मला कॉलेज, जेएमजे हाई स्कूल, अनिता गर्ल्स हाई स्कूल, सरस्वती शिशु विद्या मंदिर धुर्वा, राजकीय +2 हाई स्कूल कांके, और विवेकानंद विद्या मंदिर सेक्टर-1 धुर्वा के सब सेंटर ए और बी शामिल हैं।