logo

रांची आ रही फ्लाइट में यात्री करने लगा खून की उल्टी, नागपुर में करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग 

गल्गुद.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
मुंबई से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट में उस वक्त अफरा तफरी मच गई, जब एक यात्री हवा में उड़ान के दौरान ही खून की उल्टी करने लगा। देखते ही देखते यात्री की तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मृत्यु हो गई। यात्री की तबीयत बिगड़ता देख पायलट ने फ्लाइट की नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की। लैंडिंग से पहले ही नागपुर एयरपोर्ट पर KIMS-किंग्सवे अस्पताल की मेडिकल टीम मौजूद थी, जिसने तुरंत यात्री का चेकअप किया और बताया गया कि यात्री की मौत हो चुकी है। इसके बाद यात्री को मृत अवस्था में ही अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल की तरफ से जारी एक बयान में बताया गया कि यात्री  किडनी रोग से पीड़ित था। यात्री के बारे में बताया गया कि उसने फ्लाइट में ही काफी ज्यादा खून की उल्टी कर ली थी, जिसकी वजह से उसकी कुछ ही देर में मौत हो गई। आगे की जांच के लिए यात्री के शव को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। मरने वाले यात्री की पहचान देवानंद तिवारी (उम्र 62 वर्ष) के रूप में की गई है। दरअसल देवानंद तिवारी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 5093 में यात्रा कर रहे थे। उन्हें किडनी की समस्या और टीबी थी। यात्रा के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्‍हें भारी मात्रा में खून की उल्टियां हुईं और उनकी मौत हो गई। 


हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N