logo

कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा का प्रदर्शन, कल BJP कार्यालय घेरेगी कांग्रेस

मदल.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में बुधवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता जेपीएससी कार्यालय के घेराव के बाद कांग्रेस भवन की ओर कूच करने लगे। स्थिति को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। वहीं कांग्रेस के भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर जुट गए, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।


सुभाष चौक पर पुलिस ने रोका मार्च
भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने सुभाष चौक पर बैरिकेडिंग कर उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहीं विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति नियत्रण में रही और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ता वापस लौट गए, जिसके साथ ही कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहा विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेड हटाकर सड़क को खाली कराया और इलाके में यातायात को सामान्य कर दिया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण और सामान्य बनी हुई है।


कांग्रेस ने किया पलटवार का ऐलान
भाजपा के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने भी जवाबी रणनीति अपनाते हुए घोषणा की है कि वह गुरुवार को भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी। इसे लेकर प्रशासन भी सतर्क है और राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है। कांग्रेस के इस ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में सियासी घमासान और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Tags - Ranchi BJP Congress JPSC Politics