logo

दुष्कर्म पीड़िता किशोरी ने की आत्महत्या, हाल ही में दर्ज कराया था केस

MINOR2.jpg

रांची
रांची जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय एक किशोरी ने शुक्रवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। किशोरी ने हाल ही में बेड़ो थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने 9 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।


परिजन खेत से लौटे तो फंदे से लटकती मिली किशोरी
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह वे लोग खेत की ओर गए हुए थे। सुबह करीब 10 बजे जब वे वापस घर लौटे तो किशोरी को फांसी के फंदे से लटका पाया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर उत्तम उपाध्याय और थाना प्रभारी मो. कफील अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।


पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। हालांकि, आत्महत्या के पीछे का कोई स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है। इस संबंध में बेड़ो थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है और पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

 

Tags - Ranchi Bero Jharkhand News Crime News Police Investigation