logo

रांची के बड़ा तालाब से महिला का शव बरामद, बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या की आशंका

ोसवह1.jpg

द फॉलोअप, रांची
रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बड़ा तालाब से शुक्रवार सुबह एक बुजुर्ग महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव तैरता देख पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। शुरुआती जांच में महिला की पहचान नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए तस्वीर जारी कर लोगों से पहचान में सहयोग मांगा।


दीपा चौधरी के रूप में हुई पुष्टि
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद महिला की पहचान दीपा चौधरी के रूप में हुई, जो कोतवाली थाना क्षेत्र की ही रहने वाली थीं। परिजन सोशल मीडिया पर जारी तस्वीर देखने के बाद थाना पहुंचे और पहचान की पुष्टि की। पुलिस के अनुसार, महिला लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और इसी कारण मानसिक रूप से काफी परेशान थीं।


सीसीटीवी में अकेले घर से निकलती दिखीं, जांच जारी
थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि घर के सीसीटीवी फुटेज में महिला को अकेले बाहर निकलते देखा गया है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

 

Tags - Bada Talab Deepa Chaudhary Suicide Case Police Investigation Dead Body Local News