द फॉलोअप डेस्क
रांची के सबसे पॉश इलाके अशोक नगर में हुई हाई प्रोफाइल चोरी की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाश 80 लाख रुपये की जगुआर कार से 8 जुलाई की दोपहर रांची पहुंचे थे। कार पर उत्तर प्रदेश का नंबर प्लेट लगा था। दोनों आरोपियों ने जगन्नाथपुर स्थित बिरसा चौक के होटल पार्क रिट्रीट में कमरा लिया और वहां ठहरने के लिए एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने आधार कार्ड का इस्तेमाल किया। जांच में यह आधार कार्ड भी फर्जी होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, होटल में ठहरने के दौरान दोनों कई बार बाहर निकले, जिससे आशंका है कि वे वारदात से पहले इलाके की रेकी कर रहे थे।

रेकी के बाद बिल्डर के घर में चोरी, दूसरे घर में फायरिंग से भागे
पुलिस के मुताबिक, रेकी पूरी करने के बाद बुधवार देर रात दोनों बदमाश अशोक नगर रोड नंबर 4बी स्थित बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर में घुसे। एक आरोपी घर के अंदर चोरी करता रहा, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा। यहां वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बिल्डर निशित केसरी के घर में भी चोरी की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद अंगरक्षक ने फायरिंग कर दी, जिससे दोनों मौके से भाग निकले। इसके बाद वे सीधे होटल पार्क रिट्रीट पहुंचे, रात वहीं रुके और गुरुवार सुबह करीब 5:20 बजे होटल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि आरोपी रांची से बाहर निकल चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर यह जानकारी मिली है कि वारदात में शामिल एक तीसरा साथी दूसरी कार से आया था, जो होटल में नहीं रुका बल्कि आसपास रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।

एसआईटी गठित, एएसपी निखिल राय करेंगे जांच का नेतृत्व
हाई प्रोफाइल चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए सिटी एसपी पारस राणा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस टीम का नेतृत्व कोतवाली एएसपी निखिल राय करेंगे। एसआईटी में कोतवाली, धुर्वा, जगन्नाथपुर और पुंदाग ओपी के थाना प्रभारियों को भी शामिल किया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, फर्जी आधार कार्ड, जगुआर कार की आवाजाही और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

बिल्डर के घर से 8 लाख नकद और करीब 90 लाख के जेवर चोरी
इस मामले में अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बिल्डर अखिलेश पांडेय के पुत्र आशुतोष पांडेय ने शिकायत में दावा किया है कि अज्ञात आरोपी उनके पिता पर जानलेवा हमला करने की नीयत से घर में घुसे थे, लेकिन उनके नहीं मिलने पर नकदी, आभूषण और कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत के अनुसार, परिवार जब सुबह उठा तो घर के सभी कमरों की अलमारियां और वार्डरोब टूटे मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। चोरी गए सामान में करीब आठ लाख रुपये नकद, लगभग 600 ग्राम सोने के आभूषण, सोने का हार, मंगलसूत्र, कंगन, अंगूठियां, चेन, कान की बालियां और झुमके, हीरे का पूरा सेट, गोल्ड और रुबी का सेट, चांदी के आभूषण व उपहार, सगाई में मिले कीमती सामान तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। कुल मिलाकर चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इस हाई प्रोफाइल वारदात के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।