द फॉलोअप डेस्क
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम आरा गेट ब्रिज से दो नाबालिगों के अचानक नीचे छलांग लगाने से अफरा-तफरी मच गई। दोनों नाबालिगों को इस घटना में चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों चुटिया इलाके के रहने वाले हैं और टाटीसिलवे स्थित एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करते हैं। गुरुवार देर शाम दोनों एक ऑटो से आरा गेट ब्रिज पहुंचे थे। पुल पर उतरने के कुछ देर बाद दोनों ने नीचे छलांग लगा दी।

PCR टीम ने दोनों को अस्पताल में कराया भर्ती
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची PCR टीम ने दोनों नाबालिगों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर चुटिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। वहीं, इलाका बॉर्डर क्षेत्र में होने के कारण टाटीसिलवे थाना की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों के परिजन और उनके शिक्षण संस्थान के शिक्षक भी अस्पताल पहुंचे।

छलांग लगाने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
दोनों नाबालिगों ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस घटना से पहले दोनों की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। टाटीसिलवे थाना प्रभारी हंसे उरांव ने बताया कि घटना चुटिया थाना क्षेत्र की है और दोनों नाबालिग आपस में रिश्तेदार हैं। बॉर्डर थाना होने के कारण टाटीसिलवे पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। फिलहाल परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।