logo

रांची के अरगोड़ा से लापता 3 बच्चे बिहार से सकुशल बरामद, बताया- घूमने निकले थे

ूाालद2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू से लापता हुए तीन बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। अरगोड़ा थाना को 28 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि कडरू निवासी तीन बच्चे खेलते-खेलते कहीं लापता हो गए हैं। लापता बच्चों की पहचान 12 वर्षीय बेलाल अकम, 10 वर्षीय मान अंसारी और 10 वर्षीय सूरज महतो के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरगोड़ा थाना कांड संख्या 157/2026 दर्ज कर तत्काल अनुसंधान शुरू किया गया। साथ ही बच्चों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया।


सीसीटीवी और तकनीकी जांच से बिहार तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में तीनों बच्चे शाम करीब 5 बजे अपनी मर्जी से कहीं जाते हुए दिखाई दिए। इसके बाद जिलेभर में लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण करने और बच्चों की गतिविधियों का तकनीकी रूप से पता लगाने के लिए आठ विशेष टीमों का गठन किया गया। लगातार तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों बच्चों को बिहार के बरौनी से मुजफ्फरपुर जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन से सफलतापूर्वक बरामद कर लिया।


बच्चों ने बताया- घूमने के लिए निकले थे
बरामदगी के बाद बच्चों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी इच्छा से घूमने के लिए घर से निकले थे। रांची पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया है। साथ ही अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और आवाजाही पर लगातार नजर रखें तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या बच्चे के लापता होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

Tags - Ranchi Argora Missing Children Jharkhand Police Bihar