द फॉलोअप डेस्क
रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से कथित रूप से अपहृत युवक को रामगढ़ जिले के कुजू से पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बोलेरो वाहन को जब्त करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए रांची पुलिस अपने साथ ले गई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

पुराने विवाद में अपहरण का आरोप
जानकारी के अनुसार, अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी राजू साव का शनिवार को पुराने विवाद के कारण कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। आरोप है कि अपहरणकर्ता उन्हें बोलेरो (संख्या JH02BH-0714) में बैठाकर घाटो ओपी क्षेत्र की ओर ले जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना और रांची सदर थाना की पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया। साथ ही रांची पुलिस ने रामगढ़ जिले के कुजू थाना को भी अलर्ट कर दिया।

नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
सूचना मिलते ही कुजू थाना पुलिस ने नया मोड़ फोरलेन पर घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। कुछ ही देर बाद संदिग्ध बोलेरो वहां पहुंची, जिसके बाद कुजू पुलिस ने रांची पुलिस के सहयोग से वाहन को रोक लिया। पुलिस ने राजू साव को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से बोलेरो सहित पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया। अपहरण में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।