रांची
राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। मंगलवार देर रात अरगोड़ा चौक के पास एक बस पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना जीवन ज्योति बस के पास हुई, जहां अचानक गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या बस कर्मी को गोली नहीं लगी। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा किया।

बस चालक से कहासुनी के बाद चलाई गोली
बस चालक के अनुसार, बाइक पर सवार तीन युवक काफी देर से बस के आगे-पीछे घूम रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी हल्की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने अचानक पिस्टल निकाल ली और बस की ओर फायरिंग कर दी। चालक ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि कुछ समझने का मौका नहीं मिला। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

एक अपराधी गिरफ्तार, हथियार बरामद
फायरिंग की आवाज सुनते ही अरगोड़ा चौक के आसपास मौजूद पीसीआर और रात्रि गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस को देखकर तीनों अपराधी बाइक से भागने लगे, लेकिन गश्ती टीम ने पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधी के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया गया है। हालांकि उसके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी एसपी पारस राणा भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। रांची पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिससे उसके साथ मौजूद अन्य दो अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।