द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने रांची के एक दिवसीय दौरे के दौरान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के अपने वादे को दोहराया। एयरपोर्ट परिसर में कई नई नागरिक सुविधाओं का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रांची एयरपोर्ट के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को टॉप प्रायोरिटी के तौर पर आगे बढ़ाएगी। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी मौजूद रहे। रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों के लिए फीचर वॉल, उड़ान यात्री कैफे, अवसर काउंटर, किड्स जोन और फ्लाईबेरी जैसी सुविधाओं की शुरुआत की गई। सबसे खास पहल उड़ान यात्री कैफे रही, जहां अब यात्रियों को 10 में चाय और 20 में स्नैक्स उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। मंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट अब सिर्फ यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि राज्य की संस्कृति और पहचान का प्रतीक बन रहे हैं।

रांची को काशी और दुनिया से जोड़ने की तैयारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम मोहन नायडू ने कहा कि रांची एयरपोर्ट को काशी विश्वनाथ मंदिर और दुनिया से जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रांची आने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए इसे देश के सभी प्रमुख शहरों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने के लिए काम करेगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या करीब 17 लाख से बढ़कर 27 लाख सालाना हो गई है। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार को लेकर राज्य सरकार और डिफेंस विभाग से बातचीत कर जल्द काम शुरू किया जाएगा। साथ ही दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग, चाईबासा और डाल्टनगंज जैसे शहरों में भी एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना पर काम होगा।
.jpeg)
ऊर्जा संकट पर मंत्री का बड़ा बयान
वेस्ट एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित ऊर्जा संकट को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिलहाल भारत के लिए स्थिति चिंताजनक नहीं है, लेकिन हर सेक्टर को संभावित असर के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि सिविल एविएशन समेत सभी क्षेत्रों को शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म रणनीति तैयार करनी चाहिए, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। हवाई किराए को लेकर बढ़ती चिंताओं पर मंत्री ने कहा कि सरकार यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने देना चाहती। उन्होंने बताया कि ATF की कीमतों के साथ एयरपोर्ट पर लैंडिंग और पार्किंग चार्ज कम किए गए हैं, ताकि किराया नियंत्रित रखा जा सके। वहीं अहमदाबाद प्लेन क्रैश की जांच अंतिम चरण में होने की बात कहते हुए उन्होंने जल्द निष्पक्ष और पारदर्शी रिपोर्ट जारी करने का भरोसा दिया।