logo

रांची में 1 सितंबर से अग्निवीर भर्ती रैली, DC ने अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

DC_MANJUNATH_BHAJANTRI_(1).jpg

रांची
रांची में एक सितंबर से प्रस्तावित अग्निवीर भर्ती रैली-2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने समाहरणालय में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सेना के अधिकारी एमके शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली एक सितंबर से शुरू होगी और लगभग 12 से 13 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया प्रत्येक दिन रात 12 बजे से शुरू होगी। इसे देखते हुए भर्ती स्थल पर पर्याप्त रोशनी, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा तथा स्वच्छता एवं सैनिटेशन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अभ्यर्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी व्यवस्थाएं तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। उन्होंने भर्ती स्थल पर एंबुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि दौड़ या अन्य शारीरिक गतिविधियों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तुरंत इलाज मिल सके। 
बारिश और मौसम को देखते हुए विशेष इंतजाम
मौसम की संभावित चुनौतियों को देखते हुए उपायुक्त ने वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा। समीक्षा बैठक में सदर एसडीओ कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, सदर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags - Agniveer Bharti 2026 Indian Army Ranchi Recruitment News Jharkhand News