द फॉलोअप डेस्क
रांची के होटवार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाली अंजनी घोष के घर हुई जेवरात और मोबाइल चोरी के मामले का मुख्य आरोपी मो. अशफाक अंसारी (21) पुलिस को चकमा देकर खेलगांव थाना से फरार हो गया। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे आरोपी थाना परिसर के बाथरूम का वेंटिलेटर तोड़कर भाग निकला। फरारी के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कई जगह छापेमारी की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने चोरी के मामले में 30 जुलाई को मो. अशफाक अंसारी और उसकी पत्नी शिफात अदा (19) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस ने शिफात अदा का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे कोर्ट में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस संबंध में आरोपी की फरारी को लेकर अलग से प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

घर से जेवर और मोबाइल हुए थे चोरी
शिकायतकर्ता अंजनी घोष ने प्राथमिकी में बताया कि 29 जुलाई की रात वह अपने बेटे और बेटी के साथ दूसरे कमरे में सो रही थीं, जबकि उनके पति दुकान में सो गए थे। सुबह करीब 5:30 बजे उठने पर उन्होंने देखा कि ड्रेसिंग टेबल का लॉकर खुला हुआ है और उसमें रखे सभी जेवर गायब थे। उनकी बेटी ने बताया कि चार्जिंग पर लगा मोबाइल फोन भी चोरी हो गया है। पीड़िता ने अपने किरायेदार मो. अशफाक अंसारी, उसकी पत्नी शिफात अदा और एक अन्य व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया था।

पहले भी थाना से फरार हो चुका है आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। अशफाक मूल रूप से नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी आजाद अंसारी का बेटा है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले कोतवाली थाना के बाथरूम से आरएसएस के प्रांतीय कार्यालय पर हमले का आरोपी सैफ भी फरार हो गया था। बाद में नगड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल होने के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया था। अशफाक की फरारी ने एक बार फिर थाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।