रांची
डोरंडा स्थित नीलम कॉम्प्लेक्स मंदिर के पास शनिवार को एक बड़ा पेड़ हाई-वोल्टेज बिजली के तारों पर गिर गया। इस हादसे में हाई-वोल्टेज तारों के साथ-साथ एलटी केबल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे डोरंडा बाजार और एजी मोड़ सहित कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और पेड़ गिरते ही लाइन ट्रिप होने से एक बड़ा हादसा टल गया और किसी के नुकसान होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही बिजली विभाग और नगर निगम की टीम पेड़ को हटाकर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गई है।
कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप लोगों ने तुरंत बिजली कटवाई
आपूर्ति बाधित होने से डोरंडा बाजार से लेकर एजी मोड़ से सटे करीब चार-पांच ट्रांसफार्मर से जुड़े इलाके में बिजली बंद रहने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने नजदीकी बिजली सब-स्टेशन, झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के आपातकालीन नंबर-1912 पर तुरंत कॉल करके बिजली कटवाई। लोगों ने इसकी सूचना नगर निगम के साथ ही कार्यपालक अभियंता को दी। पेड़ को काट कर हटाने की कार्रवाई की जा रही है।