द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के DIG अंजनी कुमार झा सोमवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय के सभागार में पुलिस अधीक्षक के साथ सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में रामनवमी के जुलूस मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों और कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई। DIG अंजनी कुमार झा ने अधिकारियों से जानकारी ली कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला मुख्यालय या पुलिस मुख्यालय स्तर से किसी अतिरिक्त संसाधन या सहयोग की आवश्यकता तो नहीं है।
.jpeg)
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। प्रमुख चौक-चौराहों और जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ऐसे लोगों पर विशेष नजर रखने को कहा गया जो पहले असामाजिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। DIG ने बताया कि रामनवमी को लेकर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी उपलब्ध कराया जाएगा ताकि किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि रामनवमी का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
.jpg)