logo

रामगढ़ में युवक की चाकू गोदकर हत्या, गोलपार बगीचा के पास मिली लाश

गवजे.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ शहर के झंडा चौक निवासी 35 वर्षीय सुमित अग्रवाल की मंगलवार देर रात अपराधियों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रामगढ़ थाना पुलिस ने गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे से शव बरामद कर उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के शरीर पर तेज धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। पुलिस जांच में पता चला कि सुमित का चप्पल और नीले रंग का टी-शर्ट घटनास्थल से करीब 300 गज दूर सूर्य मंदिर के पास पड़ा हुआ था। मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय और एसआई राजेश मुंडा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और टी-शर्ट व चप्पल को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाने में लगी है।


शाम से लापता था युवक, बाइक भी गायब
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के ससुर विकास यादव ने पुलिस को बताया कि सुमित मंगलवार शाम से घर से गायब था। शाम सात बजे के बाद परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। कुछ देर बाद मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। बुधवार सुबह सूचना मिली कि उसका शव गोलपार बगीचा के पास पड़ा हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि सुमित अपनी बजाज डिस्कवर बाइक लेकर घर से निकला था, जो अब तक बरामद नहीं हुई है।


रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस के अनुसार सुमित अग्रवाल का नाम पहले भी कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था। गांजा, विस्फोटक पदार्थ, प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन और दवाइयों की बिक्री समेत कई मामलों में वह जेल जा चुका था। उसका जिले में सक्रिय आपराधिक गिरोहों से भी संबंध बताया जा रहा है और पुलिस की मुखबिरी करने की भी चर्चा रही है। रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी का दावा किया है।

Tags - Ramgarh Murder Sumit Agrawal Ramgarh Crime News Jharkhand Crime Stabbing Case