रामगढ़
रामगढ़ जिले से पूरे देश के लिए गर्व की खबर सामने आई है। रामगढ़ के युवा कलाकार वैभव कुमार शर्मा ने अपनी अनूठी कला से इतिहास रच दिया है। वैभव ने अपने पैरों से दुनिया की सबसे बड़ी पेंटिंग बनाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज करा लिया है। यह उपलब्धि न सिर्फ रामगढ़ बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बन गई है। 30 नवंबर 2023 को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ निवासी वैभव कुमार शर्मा ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के लिए प्रयास किया था। उन्होंने 50×40 फीट के विशाल कैनवास पर अपने पैरों की मदद से लगातार 6 घंटे 45 मिनट तक पेंटिंग बनाई। इस पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग, दस्तावेज और अन्य सभी आवश्यक साक्ष्य गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को भेजे गए थे।

हौसलों के सामने कोई सीमा नहीं
लंबी प्रक्रिया और जांच के बाद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने वैभव कुमार शर्मा के आवेदन को स्वीकार कर लिया। इसके साथ ही वैभव ने "पैरों से बनाई गई सबसे बड़ी पेंटिंग" का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह पेंटिंग कुल 189.89 वर्ग मीटर (2043.95 वर्ग फीट) क्षेत्रफल में बनाई गई थी, जो अब आधिकारिक रूप से विश्व रिकॉर्ड बन चुकी है। वैभव की इस उपलब्धि से पूरे रामगढ़ और झारखंड में खुशी का माहौल है। कला के क्षेत्र में यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है कि मेहनत, लगन और जुनून के दम पर विश्व स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है। रामगढ़ के बेटे वैभव कुमार शर्मा ने यह साबित कर दिया कि हौसलों के सामने कोई सीमा नहीं होती। पैरों से बनाई गई इस ऐतिहासिक पेंटिंग ने उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तक पहुंचा दिया है। अब पूरे देश को इस युवा कलाकार की इस उपलब्धि पर गर्व है।
