logo

रामगढ़ बनेगा ऐतिहासिक पल का साक्षी, 8 फरवरी को 101 निर्धन बेटियों का सामूहिक विवाह

dftbtyw.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में सेवा और सामाजिक सरोकार का एक और ऐतिहासिक अध्याय 8 फरवरी 2026 को लिखा जाएगा, जब रामगढ़ के सिद्धू–कानू मैदान में सांसद मनीष जायसवाल की पहल से सांसद सामूहिक विवाह उत्सव 2026 भव्य रूप से आयोजित होगा। यह कार्यक्रम लगातार तीसरी बार आयोजित किया जा रहा है और इस बार भी 101 निर्धन बेटियों के सपनों को नई उड़ान मिलने जा रही है। सांसद मनीष जायसवाल ने इस सेवा कार्य की शुरुआत वर्ष 2024 में की थी, जब हजारीबाग के डीपीएस स्कूल में 25 गरीब बेटियों का विवाह कराया गया। इसके बाद वर्ष 2025 में कंचन ग्राउंड में 101 असहाय बेटियों का विवाह हुआ, जिसमें करीब 50 हजार लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर इस कार्यक्रम को जन-उत्सव का स्वरूप दिया। अब 2026 का समारोह रामगढ़ की धरती पर होने जा रहा है।
सिद्धू–कानू मैदान को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी चल रही है। पूरा मैदान पारंपरिक थीम, रोशनी, रंगीन कलाकृतियों और आकर्षक पंडालों से सजकर भव्य विवाह स्थल में बदल दिया जाएगा। पिछले दो वर्षों में कोलकाता के आचार्य राघव पंडित जी द्वारा म्यूजिकल फेरों के माध्यम से विवाह की रस्में सम्पन्न कराई गई थीं, और इस बार भी वे कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। सांसद मनीष जायसवाल सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने वाले जनप्रतिनिधि माने जाते हैं। वे तीर्थ दर्शन महाअभियान, निर्धन परिवारों को राशन उपलब्ध कराना, बेटियों को लहंगा भेंट करना और जरूरतमंदों की निरंतर सहायता जैसे कई कार्यों से जनसेवा को आगे बढ़ाते आए हैं। रामगढ़ के फुटबॉल ग्राउंड से 101 लड़कों की बारात निकलेगी, जो गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ सिद्धू–कानू ग्राउंड पहुंचेगी, जहां 101 दूल्हे अपनी होने वाली दुल्हनियों से मिलेंगे और विवाह संपन्न होगा।
सांसद कार्यालय और रामगढ़ में बनाए गए रजिस्ट्रेशन कार्यालय में आर्थिक रूप से कमजोर, विकलांग या पिता रहित लड़कियों के परिवारों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रेस वार्ता के दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि इस बार उनका प्रयास सिर्फ विवाह कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जोड़ों के परिवार बसाने और रोजगार उपलब्ध कराने के माध्यम से गृहस्ती को मजबूत करना भी होगा। तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और 8 फरवरी 2026 को रामगढ़ में यह सामूहिक विवाह उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

 

Tags - latest Hazaribagh News Hazaribagh News UpdatesHazaribagh News in hindi latest Hazaribagh News Hazaribagh updates in hindi latest Hazaribagh news Hazaribagh Updates in hindi Hazaribagh News updates in hindi Hazaribagh News updates latest Hazaribag