logo

रामगढ़ में भीषण सड़क हादसा, बैंड पार्टी के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत

ूोेपो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सात परिवारों की खुशियां छीन लीं। रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैंड-ताशा पार्टी के सदस्यों से भरी पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार आठ लोगों में से सात की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़-बोकारो मार्ग पर लारी-बरलौंग के पास हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस दुखद घटना की खबर से उनका मन व्यथित है। मुख्यमंत्री ने मरांग बुरु से दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।


बिहार में कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे सभी
मृतक सभी लोग बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे। जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार आठ लोग रामगढ़ से मारंगमर्चा पहुंचे थे। यहां से उन्हें बलसगरा जाकर अपने अन्य साथियों को साथ लेना था और फिर बिहार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होना था। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश में पिकअप को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बैंड-बाजे, ड्रम और अन्य सामान सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।


चश्मदीद ने सुनाई हादसे की भयावह तस्वीर
हादसे को सबसे पहले स्थानीय निवासी तबरेज आलम ने देखा। उन्होंने बताया कि वह मुहर्रम का जुलूस देखकर घर लौट रहे थे, तभी अचानक जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पिकअप में सवार बैंड पार्टी के सदस्य बुरी तरह फंसे हुए थे। कई लोग गंभीर रूप से घायल होकर पानी मांग रहे थे और वाहन के अंदर एक-दूसरे के ऊपर दबे पड़े थे। इसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और सभी के सहयोग से एक-एक कर शवों और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इस दौरान कुछ देर तक आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध किया, लेकिन प्रशासन के समझाने के बाद उन्हें अस्पताल भेजा गया।


सात लोगों की मौत, एक गंभीर; मृतकों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रांची रेफर किया गया। मृतकों की पहचान अनोद कुमार (31), हेमंत कुमार महतो (25), पप्पू करमाली (18), पवन करमाली (23), अशोकु (45), शक्ति (34) और डेविड करमाली (34) के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश मृतक मारंगमर्चा और रजरप्पा क्षेत्र के निवासी थे, जबकि हेमंत कुमार महतो हजारीबाग जिले के बलसगरा के रहने वाले थे।


हादसे के बाद सड़क जाम, प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा
रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से सात की मौत हो चुकी थी। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। हालात को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रहा है।

 

Tags - Jharkhand Ramgarh Road Accident Breaking News Crime