रामगढ़
रामगढ़ जिले में हाल के महीनों में सक्रिय संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गिरोह के 6 सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस को 25 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही रामगढ़ एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातू को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद गठित विशेष छापामारी दल ने मानवीय आसूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की।

बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने का उद्देश्य
वहीं इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगम्बर प्रजापति उर्फ डेगन, एहतेसान अंसारी उर्फ दुलर्भ समेत कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा एक किशोर को निरुद्ध किया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने 1 अवैध लोडेड देशी पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन, 3 मोटरसाइकिल तथा 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद सामानों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी अपराधी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि राहुल दुबे और उसके संगठन के अन्य सदस्यों के इशारे पर उन्होंने पिछले महीने पतरातू थाना क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर ब्रिज के गेट पर गोलीबारी, ओसम डेयरी प्लांट के गेट पर फायरिंग तथा अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया था। अपराधियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पतरातू थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से एकत्रित हुए थे।
.jpeg)
आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी
इस मामले में पतरातू थाना कांड संख्या 126/26, दिनांक 25 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 111(2)(b), 111(3), 111(4), 317(5), 308(3), 308(4), 61(2)(a) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-b)a, 25(6), 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। रामगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।