रामगढ़
गोला थाना पुलिस पर वाहन जांच के दौरान एक मछली व्यवसायी के बेटे से 500 रुपये मांगने और नहीं देने पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी ने एसडीपीओ को जांच सौंपकर जल्द रिपोर्ट मांगी है।
.@RamgarhPolice तत्काल संज्ञान लें एवं दोषी कर्मियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 4, 2026
.@JharkhandPolice ये स्थिति बिल्कुल बर्दास्त के काबिल नहीं है। ऐसी स्थिति दुबारा ना हो - यह सुनिश्चित करें। https://t.co/y5OuvM59A1
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के मुताबिक गोला-मुरी रोड स्थित पूरबडीह फुटबॉल मैदान के पास गुरुवार को गोला थाना पुलिस द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया गया था। इसी दौरान मछली व्यवसायी के बेटे के साथ कथित मारपीट और 500 रुपये मांगने का आरोप सामने आया। इस घटना के कारण वाहन में रखी लाखों रुपए की मछलियां समय पर नहीं पहुंच पाने के वजह से व्यवसायी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
वायरल वीडियो पर CM का रामगढ़ पुलिस को सख्त कार्रवाई का निर्देश
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और मुख्यमंत्री ने इसका संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने रामगढ़ पुलिस को टैग करते हुए दोषी कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही झारखंड पुलिस को टैग करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी स्थिति में बर्दाश्त योग्य नहीं हैं और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।
रामगढ़ SP ने CM को दी रिपोर्ट
रामगढ़ एसपी ने मामले में की जा रही कार्रवाई की जानकारी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने एसडीपीओ रामगढ़ आलोक रंजन को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। एसपी ने मामले की जांच कर प्रतिवेदन जल्द समर्पित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही जिले के सभी थाना प्रभारियों को वाहन जांच अभियान के दौरान संवेदनशील एवं पेशेवर तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया है।