रामगढ़
पतरातू रेलवे स्टेशन पर सोमवार को मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय शिवा भुईया, पिता स्वर्गीय चरकु भुईया के रूप में हुई है। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना पतरातू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक मालगाड़ी के सामने आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 
रेल परिचालन बाधित न हो, इसलिए ट्रैक से हटाया गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF ) की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस और आरपीएफ ने शव को रेल ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखा, ताकि रेल परिचालन प्रभावित न हो। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मृतक क्या काम करता था और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। आत्महत्या, दुर्घटना या किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।