द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के हुवाग पंचायत अंतर्गत सिमरिया टांड़ में मंगलवार को जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की कथित तौर पर लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, बालेश्वर पटेल हाल ही में खरीदी गई 11 डिसमिल जमीन पर बोरिंग में समरसेबल लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन पर दावा करने वाले दूसरे पक्ष ने विरोध किया और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गंभीर रूप से घायल अधिकारी को रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जमीन पर दावे को लेकर हुआ खूनी संघर्ष
पुलिस और परिजनों के अनुसार, बालेश्वर पटेल ने करीब एक माह पहले उक्त जमीन खरीदी थी। मंगलवार सुबह समरसेबल लगाने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने काम रुकवाने का प्रयास किया। विवाद बढ़ने पर 10 से 15 लोगों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। मृतक के परिजनों ने पमपम उर्फ संतोष, विष्णु कुमार, विनय, पूजा, डॉली कुमारी, शकुंतला देवी, रूबी कुमारी और रामू साव उर्फ ज्ञानी साव समेत कई लोगों को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मांडू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिकारी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। मांडू थाना प्रभारी सदानंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट की पुष्टि हुई है। मृतक की पहचान गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल के रूप में हुई है। पुलिस ने कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच करते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद मांडू विधायक निर्मल कुमार महतो भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने इसे बेहद गंभीर घटना बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।