logo

रामगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की सघन जांच

कदीू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिला व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की कथित धमकी मिलने के बाद जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। बुधवार सुबह से ही न्यायालय परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए डॉग स्क्वायड, मेटल डिटेक्टर और बम निरोधक दस्ते की मदद से पूरे कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कोर्ट भवन, प्रवेश द्वार, पार्किंग, रिकॉर्ड रूम, गलियारों, सिरिस्ता कक्ष समेत सभी संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।


डाक से मिली धमकी, SDPO खुद कर रहे निगरानी
तलाशी अभियान की निगरानी स्वयं रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बम से उड़ाने की धमकी की सूचना पुलिस को डाक के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया तथा पूरे न्यायालय परिसर की गहन जांच शुरू कर दी गई। पुलिस सभी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही हैं।


लोगों से सुरक्षा जांच में सहयोग की अपील
पुलिस ने अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मियों, वादकारियों और न्यायालय आने वाले सभी लोगों से सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की है। एसडीपीओ आलोक रंजन ने कहा कि फिलहाल जांच अभियान जारी है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही धमकी की प्रकृति और उसके स्रोत के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

Tags - Ramgarh Bomb Threat Police Court Jharkhand