रामगढ़
चुट्टुपालू घाटी में सोमवार सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। रांची से हजारीबाग जा रही मनोज रथ बस (जेएच 02 एवी 7932) करीब आठ बजे अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से कुछ समय के लिए चुट्टुपालू घाटी मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में हाइड्रा क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।