logo

दुबई में 4 महीने से फंसा है गिरिडीह का प्रवासी श्रमिक रामेश्वर, परिजनों से संपर्क टूटा

dubai4.jpg

गिरिडीह:

झारखंड का प्रवासी मजदूर रामेश्वर दास दुबई में फंसा है। 6 मई 2026 को आजीविका की तलाश में दुबई पहुंचा रामेश्वर बीते 4 महीने से फंसा है। घरवाले, पिछले 5 दिन से रामेश्वर दास से बातचीत नहीं कर पाए हैं। दरअसल, रामेश्वर दास का मोबाइल फोन ऑफ है। पत्नी समेत घरवाले, अनहोनी की आशंका से डरे हैं। उन्होंने झारखंड और केंद्र सरकार से मामले में हस्तक्षेप करके रामेश्वर दास की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। गौरतलब है कि रामेश्वर, बगोदर थानाक्षेत्र अंतर्गत अटका गांव का रहने वाला है।

टूरिस्ट वीजा पर दुबई गया था रामेश्वर
घरवालों ने बताया कि रामेश्वर दास ठेकेदार के साथ टूरिस्ट वीजा पर दुबई गया था। हालांकि, कुछ ही समय बाद उसने घर लौटने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन 4 महीने तक ऐसा संभव नहीं हो सका। रामेश्वर ने दुबई जाने के लिए कर्ज लिया था। सोचा था कि वहां मिली नौकरी से परिवार की आर्थिक हालत सुधारेगा, लेकिन अब उससे घरवालों का संपर्क ही टूट गया है।

सिकंदर अली ने दिया मदद का भरोसा
घटना की जानकारी मिलते ही प्रवासी श्रमिकों के हित में  काम करने वाले सिकंदर अली अटका गांव पहुंचे और रामेश्वर दास के परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने, परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने भरोसा दिया है कि रामेश्वर दास की सुरक्षित वतन वापसी के लिए जरूरी पहल करेंगे। 

रामेश्वर दास की पत्नी की भावुक अपील
रामेश्वर दास की पत्नी इस दौरान काफी भावुक नजर आ रही। उसके चेहरे पर पति से संपर्क नहीं हो पाने की चिंता साफ नजर आ रही है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से पति की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। 


 

Tags - Jharkhand News UpdateMigrant LaborDubaiGiridih