बोकारो
रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इसी रिश्ते की एक खूबसूरत तस्वीर गुरुवार को बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना परिसर में देखने को मिली, जहां संच समिति की दर्जनों महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधने पहुंचीं। रक्षाबंधन के अवसर पर राखी लेकर पहुंचीं बहनों ने थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की। बहनों के इस स्नेह से पुलिसकर्मियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को उनकी रक्षा का भरोसा दिया और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।

लंबी उम्र और खुशहाली की कामना
इस अवसर पर एक बहन ने कहा कि हम लोग हर साल पुलिस भैया को राखी बांधने आते हैं। ये लोग दिन-रात हमारी सुरक्षा करते हैं। आज हम भी इनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करते हुए राखी बांध रहे हैं। वहीं एक पुलिसकर्मी ने भावुक होते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि बहनों ने उन्हें अपना भाई मानकर राखी बांधी है। पुलिसकर्मी होने के नाते वे उन्हें भरोसा दिलाते हैं कि उनकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। थाना परिसर में कुछ देर के लिए वर्दी और कर्तव्य से अलग भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व का रिश्ता देखने को मिला।
