रांची
झारखंड प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने राज्य में दो सीटों के लिए होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर कहा कि इसमें दल के चार विधायकों का रोल दशरथ के 4 पुत्रों जैसा होगा। कहा कि महागठबंधन के पास पर्याप्त संख्या बल है, इसलिए दोनों सीटों पर उसकी जीत सुनिश्चित है। यादव ने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का राजनीतिक इतिहास सेक्युलर वोटों को एकजुट करने का रहा है और उन्होंने सदैव कट्टरपंथी ताकतों के खिलाफ बुलंद आवाज के साथ संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में राजद महागठबंधन सरकार का हिस्सा है। हेमंत सोरेन सरकार के गठन और सेक्युलर वोटों को एकजुट करने में राजद ने बड़ा त्याग किया है। उन्होंने कहा कि राजद की विचारधारा सामाजिक न्याय के साथ-साथ राज्य के समग्र विकास, यहां की संस्कृति के सम्मान तथा गरीबों, मजदूरों, किसानों और नौजवानों के हितों के प्रति समर्पित रही है।

भारतीय जनता पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं
यादव ने कहा कि झारखंड में होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है। इसके बावजूद उम्मीदवार उतारने की बात बेमानी है। इसका मतलब स्पष्ट है कि बीजेपी पूंजीपतियों की पार्टी है और वह अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए अलोकतांत्रिक तरीके से धनबल का इस्तेमाल कर हॉर्स ट्रेडिंग का गंदा खेल खेल सकती है, लेकिन उसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजद के चार विधायक जनप्रतिनिधि के रूप में निर्वाचित हैं। राज्यसभा चुनाव में सभी विधायकों का योगदान राजा दशरथ के चार पुत्रों की तरह बहुमूल्य, महत्वपूर्ण और निर्णायक होगा। यादव ने कहा कि राजद सम्मान, त्याग और एकता के लिए हमेशा चट्टान की तरह खड़ा रहा है। हालांकि, राजद नेतृत्व का फैसला अंतिम होगा और उसके मार्गदर्शन का पालन करना हमारा राजनीतिक धर्म है।
