logo

हाता-चाईबासा मार्ग पर दर्दनाक सड़क दुर्घटना, स्कूटी सवार बुजुर्ग की गई जान 

sarai_road.jpg

सरायकेला

सरायकेला जिले के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर राजनगर थाना क्षेत्र के तेलाई के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र स्थित पड़ासा गांव निवासी लक्ष्मण चाम्पिया के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण चाम्पिया अपनी स्कूटी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेलाई के पास सड़क किनारे खड़ी एक 407 वाहन से उनकी स्कूटी पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। लक्ष्मण चाम्पिया अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। इधर, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Tags - Road Accident Road Mishap Accident News Vehicle Collision Elderly Death