रांची:
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी अब प्रदेश प्रभारी के. राजू के आरोपों से सहमति जताई है। राजेश ठाकुर ने आरजेडी और वामदल पर क्रॉस-वोटिंग का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां विश्वास होता है, वहीं धोखा होता है। उन्होंने कहा कि अब तक जो जानकारी सामने आई है, उससे तो यही लगता है कि हमें राष्ट्रीय जनता दल और वामदल के वोट नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि हमारे साथ धोखा हुआ है। राजेश ठाकुर ने कहा कि हमारे पास 26 वोट थे और हमें 21 वोट मिले, जबकि 1 वोट अमान्य हो गया। गठबंधन में हमारे 16 वोट थे, जबकि 4 झामुमो, 4 आरजेडी और 2 वामदल के थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरजेडी और वामदल का वोट हमें नहीं मिला।
#WATCH | Ranchi, Jharkhand: On the victory of NDA-backed Rajya Sabha election candidate Parimal Nathwani, Congress leader Rajesh Thakur says, "We had 26 votes and we got 21 votes, with 1 vote invalid. In our alliance, 16 votes were ours, 4 were from JMM, 4 were from RJD, and 2… pic.twitter.com/yyCwI1SarM
— ANI (@ANI) June 19, 2026
गुरुवार को वोटिंग के बाद आए नतीजे
गौरतलब है कि गुरुवार को राज्यसभा की 2 सीटों पर चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। नतीजे आए तो बैद्यनाथ राम और परिमल नाथवानी को विजेता घोषित किया गया, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा चुनाव हार गए। नतीजों के तुरंत बाद झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने आरजेडी और वामदल के विधायकों पर क्रॉस-वोटिंग का आरोप लगाया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि इन दलों के विधायकों ने पैसों की खातिर अपना ईमान बेच दिया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने तभी, प्रदेश प्रभारी के आरोपों से सहमति जताई, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा था कि नतीजे पर पहुंचने से पहले हमें तथ्यों की पड़ताल करनी चाहिए।

इंडिया गठबंधन के घटक दलों में दरार
वामदल और आरजेडी ने तुरंत के. राजू के आरोपों पर पलटवार किया। देवघर से आरजेडी विधायक सुरेश पासवान ने कहा कि हमने तय नियम-कानून, निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और सीएम हेमंत के निगरानी में हुए मॉक पोल प्रशिक्षण के आधार पर 4 वोट प्रथम वरीयता में कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को दिया। वहीं, आरजेडी के चुनाव एजेंट बनाए गए भोला प्रसाद यादव ने कहा कि क्रॉस-वोटिंग का सवाल ही पैदा नहीं होता, क्योंकि विधायकों ने मतदान से पहले मुझे दिखाया था और चारों वोट इंडिया गठबंधन को गया है। वामदल ने भी आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि कांग्रेस से अपने विधायक नहीं संभले और अब हमपर आरोप लगा रहे हैं।