द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा में शुक्रवार को कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप ने राज्य में अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर अपनी ही सरकार से सवाल किया। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने पूछा कि राज्य में वरिष्ठ अधिकारी जूनियर पदों पर क्यों कार्यरत हैं। राजेश कच्छप ने सदन को बताया कि राज्य के 39 अंचलों में अंचलाधिकारी (सीओ) के पद रिक्त हैं। वहीं दूसरी ओर अंचलाधिकारी रैंक के 72 अधिकारी मुख्यालय में बैठकर वेतन ले रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एसडीओ और अन्य उच्च पदों पर प्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों से अंचलाधिकारी तथा अन्य कनिष्ठ पदों का कार्य लिया जा रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा करता है।

सरकार की ओर से जवाब देते हुए प्रभारी मंत्री दीपक बरवा ने कहा कि अधिकारियों की कमी के कारण ऐसी व्यवस्था करनी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवश्यकता के चलते प्रोन्नति प्राप्त अधिकारियों से निचले पदों का कार्य लिया जा रहा है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जैसे ही अधिकारियों की कमी दूर होगी, प्रोन्नति पाए अधिकारियों को उनके समकक्ष पदों पर पदस्थापित कर दिया जाएगा। इसके लिए सरकार ने तीन महीने का समय मांगा है।
