logo

मेदिनीनगर में बिजली संकट, झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने की सुधार की मांग

a1291.jpg

पलामू:

मेदिनीनगर शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर झामुमो नेता सन्नी शुक्ला के नेतृत्व में बिजली विभाग के महाप्रबंधक श्रवण कुमार से जल्द सुधार की मांग की गई। इस मौके पर झामुमो नेता आशुतोष विनायक, वार्ड पार्षद रौशन कुमार नाग, झामुमो किसान मोर्चा के अध्यक्ष वशिष्ठ सिंह एवं युवा नेता मुकेश चौधरी भी मौजूद रहे। सन्नी शुक्ला ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों का जीवन काफी कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर शहर में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। बिना किसी पूर्व सूचना के बार-बार बिजली काटी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

व्यावसायियों और विद्यार्थियों को खासी परेशानी
युवा झामुमो ने नेता ने कहा कि वर्तमान समय में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान लगभग 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में बिजली कटौती लोगों के लिए और भी बड़ी समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। रात में बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है और दिन में गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बढ़ गया है। अस्पतालों और मरीजों को भी बिजली संकट से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आशुतोष विनायक ने कहा कि बिजली कटौती का असर केवल घरेलू जीवन तक सीमित नहीं है, बल्कि पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, छोटे व्यवसाय, दुकानदारों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। बिजली नहीं रहने से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है, जिससे लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 

निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने बिजली विभाग से मांग की कि मेदिनीनगर शहर में बिजली आपूर्ति को सुचारू, नियमित एवं निर्बाध किया जाए। साथ ही बिजली कटौती की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि इस भीषण गर्मी में आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता के साथ मिलकर आगे आंदोलन करने पर भी विचार किया जाएगा।

Tags - Electricity CrisisJharkhand NewsJharkhand News UpdateMedinagar