द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी में रांची सहित राज्य भर में भव्य शोभायात्रा निकाले जाने की तैयारी हो गई है। आज शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों का स्वागत बारिश करेगी। वज्रपात के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। दरअसल मौसम केंद्र रांची ने इसको लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्यम भागों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ तेज सतही हवा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। वहीं, 31 मार्च को दक्षिणी और निकटवर्ती मध्यम भागों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की चेतावनी के साथ राज्य में गर्जन-वज्रपात के साथ 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा 1 अप्रैल को भी राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने की बात मौसम केंद्र ने कही है।

इस कारण बदल रहा मौसम का मिजाज
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि 31 मार्च और एक अप्रैल मौसम एक्टिविटी ज्यादा है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और लोकल सिस्टम के कारण वज्रपात, गर्जन के साथ ओले पड़ने के आसार हैं। इसलिए लोग दो दिन तक अलर्ट रहें। मौसम खराब होने पर घर में ही रहे। बाहर निकलने से बचें। हालांकि, उन्होंने दो अप्रैल से मौसम के सामान्य होने की बात कही है।

24 घंटे बाद तापमान में गिरावट
रांची सहित राज्य भर में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। इस संबंध में मौसम केंद्र के पूर्वानुमान पदाधिकारी ने कहा है कि इसके अगले दो दिन 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। फिर इसके बाद 2-4 डिग्री तापमान चढ़ेगा। मौसम केंद्र के अनुसार 30 मार्च को रांची का अधिकतम तापमान 34 व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहेगा। जबकि 31 मार्च को अधिकतम तापमान 32 व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने के आसार हैं। वहीं, 1 अप्रैल को अधिकतम तापमान 30 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहेगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT