logo

झारखंड में 1 जनवरी के जश्न का मजा किरकिरा कर सकती है बारिश, जानें मौसम का हाल

rain14.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
दो दिन के बाद हम नये साल में प्रवेश कर जाएंगे। लोगों में नववर्ष को लेकर बहुत उत्साह है। लेकिन दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने आंशिक बादल छाए रहने और तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। जारी रिपोर्ट में बताया गया कि 1 जनवरी से ही पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं उत्तर पश्चिमी हिस्से यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। 30 दिसंबर से यानि आज से एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे 2 जनवरी के बाद से राज्य के कुछ हिस्सों में वर्षा होने का पूर्वानुमान है।  मौसम विज्ञान केंद्र ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण एक जनवरी की शाम पलामू सहित राज्य के पश्चिमी इलाके में हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान लगाया है। पलामू से चला यह बादल दो जनवरी की शाम तक रांची व आसपास के इलाके में छा जायेगा। इससे रांची के कई इलाकों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि तीन व चार जनवरी को पूरे झारखंड में बादल छाये रहने व हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान है। 


सावधानी बरतने की सलाह 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, बारिश के कारण पूरे राज्य में सुबह से ही घना कोहरा छाया रहेगा. श्री आनंद ने लोगों से खास कर वाहन चालकों को कोहरा रहने की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी है. घना कोहरा मुख्य रूप से मैदानी इलाके, जंगली इलाके, हाइवे व इसके आस-पास के क्षेत्र, ग्रामीण इलाके में ज्यादा रहने की संभावना है।


बढ़ेगी कनकनी 
दरअसल हिमालयी क्षेत्र से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर झारखंड में देखने को मिलेगा। इससे कनकनी बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में नववर्ष की शुरुआत ठंड और वर्षा से होगी। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों तक मौसम में कोई बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं, मौसम साफ रहेगा। लेकिन 2 जनवरी के बाद मौसम के हालात बदलेंगे और आंशिक बादल छाए रहेंगे। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की और मध्यम दर्जे की वर्षा होने का अनुमान है। इसके बाद एक बार फिर से ठंड बढ़ सकती है। साथ ही शीतलहर का प्रकोप भी शुरू हो जाएगा। इस कारण कांके का तापमान 1 से दो डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।