सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को लंबे इंतजार के बाद पितकी रेलवे ओवरब्रिज की सौगात मिल गई। शनिवार को पितकी रेलवे ओवरब्रिज का विधिवत उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और ईचागढ़ की विधायक सविता महतो मौजूद रहीं। इस ओवरब्रिज के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। रेलवे फाटक पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान लगने वाले जाम से लोगों को अब काफी राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से स्थानीय लोग पितकी रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण और जल्द उद्घाटन की मांग कर रहे थे। गौरतलब है कि रांची-टाटा-पुरुलिया-धनबाद मार्ग का सबसे व्यस्त फाटक में से एक यही रेल फाटक रहा है। आद्रा और रांची रेल मंडल की मालगाड़ी, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के लिए अहम है। जिस कारण से बार-बार फाटक बन्द रहता था और अक्सर 4 से 5 किलमीटर तक जाम रहता था।

एंबुलेंस भी घंटों जाम में
रोजाना यहां से लगभग हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसमें मालवाहक ट्रक, बस, ट्रेलर के अलावा स्कूल वाहन, एंबुलेंस, ऑटो और बाइक भी शामिल हैं। इसका खामियाजा स्कूल के बच्चे और मरीजों को झेलनी पड़ रही है, एंबुलेंस को भी घंटों जाम में खड़ा रहना पड़ रहा है। रेलवे ओवरब्रिज से आवागमन शुरू होने से इन सारी समस्याओं से निजात मिलेगी। वहीं उद्घाटन समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज के चालू होने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही चांडिल-ईचागढ़ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी यह ओवरब्रिज महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस मौके पर आजसू के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, भाजपा जिला मंत्री रुपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने पितकी रेलवे ओवरब्रिज के उद्घाटन पर प्रसन्नता जताई। ओवरब्रिज के शुरू होने से पितकी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
