logo

जामताड़ा : सुबह-सुबह भाजपा नेता के घर छापेमारी, प्रतुल शाहदेव ने झारखंड पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

bjp44.jpg

द फॉलोअप, रांची 
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने जामताड़ा पुलिस की कार्रवाई पर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण के घर पर डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी की मानो किसी आतंकवादी के यहां कार्रवाई की जा रही हो। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान परिवार और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।

भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को फंसा रही पुलिस 
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि जामताड़ा सदर अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद भाजपा ने जांच समिति बनाई थी। इसी मामले में अस्पताल में तोड़फोड़ का आरोप लगाकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा कार्यकर्ता दोषी हैं तो अस्पताल परिसर की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और मुख्यमंत्री के निर्देश पर बदले की भावना से की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता निर्दोष हैं और वे इस कार्रवाई के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष का फोन नहीं उठातीं डीजीपी
भाजपा नेता ने जामताड़ा पुलिस पर सरकार के टूलकिट की तरह काम करने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस को निष्पक्ष रहकर काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का फोन डीजीपी तदाशा मिश्रा ने नहीं उठाया। यह चिंता का विषय है। प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पुलिस का काम जनता की सेवा करना है न कि राजनीतिक दबाव में कार्रवाई करना।
 

Tags - Jamtara Police RaidBJP JharkhandPratul ShahdeoDGP JharkhandSumit Sharan