रांची
दिल्ली में पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस हिरासत में लिए जाने और उनकी नाक में चोट लगने के विरोध में झारखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश है। इसका असर रांची में भी देखने को मिला। यहां लोकभवन के समक्ष प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, दिल्ली से खबर है कि हिरासत में लिए जाने के दौरान राहुल गांधी की नाक में चोट लगने और चेहरे पर खून दिखने के बाद मौके पर मौजूद पार्टी नेताओं में खलबली मच गई। इसकी सूचना मिलते ही रांची में मौजूद कांग्रेस प्रभारी के. राजू के नेतृत्व में पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता, विधायक और मंत्री लोकभवन के निकट पहुंच गए और घटना के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
रांची में झारखंड कांग्रेस नेताओं ने हिरासत में लेने के दौरान राहुल गांधी को चोट लगने की घटना को एक साजिश करार दिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि एक ओर जहां देश के छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, वहीं विपक्ष को भी खत्म करने की गहरी साजिश रची जा रही है। लेकिन देश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में बीजेपी को इसका मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
यह बात कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कही।
रांची में कांग्रेस प्रभारी के. राजू, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, श्रीबेला प्रसाद, राजेश कच्छप, सुरेश बैठा, अनूप सिंह, बंधु तिर्की, नमन बिक्सल कोंगाड़ी, राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, राजीव रंजन प्रसाद, आदित्य विक्रम जायसवाल, आभा सिन्हा, जयशंकर पाठक और डॉ. कुमार राजा समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली थाना में रखा गया है।