द फॉलोअप डेस्क, रांची
14 दिनों से अपनी मांगों को लेकर राजभवन के पास धरना दे रहे पंचायत स्वयंसेवकों से मिले पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दस। इस दौरान उन्होंने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सिंडिकेट के इशारे पर चलने वाले मुख्यमंत्री अपने दागी प्रतिनिधि को हटाने की हिम्मत नहीं दिखा पाए, तो क्या वे पंचायत स्वयंसेवकों को मांगे पूरी करेंगे? नहीं। मैं मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि आपको स्वयंसेवक शब्द से परेशानी है, तो नाम बदल दीजिए, लेकिन इन बच्चों का बकाया जल्द दे दीजिए।

ब्लॉक से लेकर सीएमओ तक फैला है भ्रष्टाचार
धरने पर बैठे पंचायत स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप संघर्ष जारी रखें। अगली बार भाजपा सरकार के आने पर गांवों में एक बार फिर पंचायत सचिवालयों को मजबूत किया जाएगा। साथ ही पोषण सखी और जल सहिया बहनों को भी उनका अधिकार मिलेगा। हेमंत सोरेन 2019 के चुनाव में आप बड़ी-बड़ी बातें करके चुनाव जीते। जनता ने आपको जनादेश दिया है। पर आज कहां गए वह वादे। राज्य में सरकार नाम की कोई भी चीज नहीं है सभी जगह भ्रष्टाचार फैला हुआ है ब्लॉक से लेकर सीएमओ तक। जनता सब देख रही है, इन चुनावों में इस सरकार को इसका नतीजा भुगतना होगा।
