रांची
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि "यू टर्न सरकार! 'लौट कर बुद्धू घर को आए' वाली कहावत हेमंत सरकार पर पूरी तरह लागू होती है।"
पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार बार-बार उन्हीं नीतियों को लागू करने पर मजबूर हो रही है, जिन्हें पहले बदलकर खुद नई नीति पेश की थी। उन्होंने जेएसएससी की परीक्षा पद्धति का उदाहरण देते हुए कहा कि सोरेन सरकार ने पहले उनके कार्यकाल के दो चरणों (पीटी और मेंस) वाले पैटर्न को खत्म कर केवल एक चरण में परीक्षा कराने का निर्णय लिया, लेकिन अब उसी पुराने पैटर्न को फिर से लागू करना पड़ रहा है।

रघुवर दास ने स्थानीय नीति और शराब नीति को लेकर भी मौजूदा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हेमंत सोरेन ने हमारी स्थानीय नीति की आलोचना की थी और उसे बड़ा मुद्दा बनाया था। लेकिन अब सरकार खुद मान रही है कि वही नीति सही थी। इसी तरह शराब नीति को भी हमारी ही योजना के आधार पर लागू किया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद हेमंत सोरेन ने बदले की भावना से हमारी हर अच्छी नीति-नियमावली को बदल दिया, लेकिन अब धीरे-धीरे यह साफ हो रहा है कि हमारी नीतियां ही राज्यहित, जनहित और युवाओं के भविष्य के हित में थीं।
