logo

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे रघुवर दास, बोले- ‘झारखंड ने खोया एक होनहार नेता’

दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने उनके आवास पहुंचे रघुवर दास, बोले- ‘झारखंड ने खोया एक होनहार नेता’

गिरिडीह: 
गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने का सिलसिला लगातार जारी है। राजनीतिक और गैर राजनीतिक संगठनों के लोग उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास मंगलवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री के आवास पर पहुंचकर सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

रघुवर दास बोले- झारखंड ने एक होनहार नेता खो दिया
इस दौरान रघुवर दास ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झारखंड की राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक होनहार नेता खो दिया है। उन्होंने कहा कि कम समय में ही सुदिव्य सोनू ने अपने संसदीय ज्ञान और राजनीतिक परिपक्वता का परिचय दिया था। सदन में जिस तरह वह अपनी बात रखते थे और सभी को अपनी बातों से संतुष्ट करते थे, उससे उनकी राजनीतिक समझ और परिपक्वता का पता चलता था।

विपक्ष को भी साथ लेकर चलने वाले नेता थे सुदिव्य सोनू
रघुवर दास ने कहा कि सुदिव्य सोनू की खासियत यह भी थी कि वह विपक्ष को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। सदन में अपनी बात मजबूती से रखने के साथ ही वह सभी पक्षों को साथ लेकर आगे बढ़ने का प्रयास करते थे। उनका असमय चले जाना झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।

परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना
रघुवर दास ने कहा कि ईश्वर से उनकी प्रार्थना है कि वह शोकाकुल परिवार को इस पहाड़ जैसे दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की। इस मौके पर भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags - Giridih News Sudivya Kumar Sonu Raghubar Das Jharkhand Politics Condolence Visit