logo

RSS कार्यालय पर हमले को लेकर रघुवर दास ने की निंदा, बोले- SIT गठित कर जिहादी मानसिकता वाले को पकड़े

रगपो्ग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना को लेकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह केवल आरएसएस कार्यालय पर हमला नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद पर हमला है। उन्होंने कहा कि यदि बम फट जाता तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी, लेकिन सौभाग्य से बड़ी दुर्घटना टल गई। इस घटना से आसपास के लोगों में भी भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।


वोट बैंक की राजनीति को ठहराया जिम्मेदार
रघुवर दास ने आरोप लगाया कि राज्य में वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण कट्टरपंथी और जिहादी मानसिकता वाले तत्वों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और राज्य सरकार को इस दिशा में कठोर कदम उठाने चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में बढ़ रही कथित बांग्लादेशी घुसपैठ को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और राज्य की सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस विषय पर गंभीरता से कार्रवाई की आवश्यकता है। साथ ही आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से इस मुद्दे पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है।


एसआईटी गठन की मांग
रघुवर दास ने कहा कि उन्होंने झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्र से बात कर मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि दोषियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना के पीछे किसी साजिश की भी जांच होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि मामले में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। रघुवर दास ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होने से समाज में गलत संदेश नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों में कानून का भय पैदा होगा।
 

Tags - Raghubar Das RSS Ranchi Petrol Bomb Attack Jharkhand