द फॉलोअप डेस्क
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अपने विधानसभा क्षेत्र छतरपुर में आधी रात सड़क पर उतरकर खनिज परिवहन से जुड़े वाहनों की जांच की। मंत्री रात करीब 11:15 बजे सड़मा स्थित महेंद्र एग्रो पेट्रोल पंप के पास NH-139 पर टीम और जीएसटी अधिकारियों के साथ पहुंचे। इसके बाद सड़क से गुजर रहे वाहनों की अचानक जांच शुरू की गई। बताया गया कि जांच और कार्रवाई की सूचना आगे आने वाले ट्रकों तक भी पहुंच गई, जिसके बाद कुछ वाहनों को रास्ते में ही रोक दिया गया। मंत्री के साथ मौजूद जीएसटी अधिकारियों ने वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की। इस कार्रवाई से छतरपुर इलाके में खनिज परिवहन और उससे जुड़े कारोबार की निगरानी को लेकर प्रशासनिक सक्रियता सामने आई है।

इससे पहले भी आधी रात में की थी कार्रवाई
छतरपुर में अवैध खनन के खिलाफ वित्त मंत्री की यह कार्रवाई पहली नहीं है। इससे पहले 12 जून की आधी रात को भी ग्रामीणों की शिकायत पर राधाकृष्ण किशोर रेगनियॉव और देवबंद पहाड़ क्षेत्र पहुंचे थे। वहां सरकारी जमीन से बिना वैध कागजात के मोरम और मिट्टी की खुदाई कर उसे बिहार भेजे जाने की शिकायत की जांच की गई थी। उस दौरान मौके से चार हाइवा/ट्रेलर और एक पोकलेन मशीन जब्त की गई थी। आरोप था कि दूसरे राज्यों में सक्रिय लोग सरकारी जमीन से कथित तौर पर अवैध तरीके से मिट्टी निकालकर बिहार भेज रहे थे।

चार ट्रकों पर कार्रवाई के बाद फिर तेज हुई चर्चा
अब एक बार फिर वित्त मंत्री के आधी रात सड़क पर उतरने और वाहनों की जांच के दौरान चार ट्रकों पर कार्रवाई किए जाने से छतरपुर में अवैध खनन, खनिज परिवहन और कथित तस्करी के नेटवर्क को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अचानक हुई इस जांच के दौरान जीएसटी अधिकारियों ने भी वाहनों के कागजात की पड़ताल की। मंत्री की इस कार्रवाई के बाद खनिज परिवहन से जुड़े कारोबार और वाहनों की आवाजाही पर निगरानी को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सक्रियता का संदेश गया है।