logo

राधाकृष्ण किशोर ने पूछा, संयुक्त सचिव ने वाहन लौटाने के लिए उनके पीए को पत्र कैसे लिखे

rk_kishore.jpg

द फॉलोअप, रांची

राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर केवल डीजीपी को लेकर ही नाराज नहीं हैं। उन्होंने उनके स्कॉट में तैनात वाहन को वापस करने संबंधी संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह के पत्र पर पर भी कड़ी आपत्ति जतायी है। उन्होंने पीत पत्र लिख कर तीन दिनों के भीतर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इस विभागीय अधिकारियों के सामने कई सवाल भी उठाए हैं। वित्त मंत्री ने कहा है कि संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह ने 9 जून 2026 को उनके आप्त सचिव को पत्र भेजकर सुरक्षा में आवंटित वाहन संख्या JH01 EV 1813 को पुलिस मुख्यालय लौटाने का निर्देश दिया, जबकि इस मामले में उन्होंने पहले ही पुलिस महानिरीक्षक (प्रोविजन) और पुलिस महानिदेशक को सुरक्षा के लिए अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उनका कहना है कि इस पर अंतिम निर्णय पुलिस महानिदेशक स्तर से होना है।

राधाकृष्ण किशोर ने सवाल उठाया है कि वाहन आवंटन का चालान उनके नाम जारी हुआ था, ऐसे में वाहन वापस करने का पत्र संयुक्त सचिव ने क्यों भेजा। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या पुलिस मुख्यालय या परिवहन शाखा ने संयुक्त सचिव को वाहन वापसी के लिए अधिकृत किया था। मंत्री ने 11 अक्टूबर 2022 के पुलिस महानिरीक्षक के आदेश का हवाला देने के औचित्य पर भी सवाल उठाया है। वित्त मंत्री का कहना है कि स्कॉट वाहन का स्वामित्व संबंधित विभाग का नहीं होता और विभाग की भूमिका केवल वाहन के रखरखाव, चालक एवं परिचालन व्यय तक सीमित रहती है। उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि संबंधित वाहन के ईंधन और अन्य खर्च का वहन कौन कर रहा है तथा वित्त विभाग का इसमें क्या अधिकार है। अंत में उन्होंने संयुक्त सचिव पर अधिकारों के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए तीन दिनों के भीतर पूरे मामले पर जवाब देने को कहा है।

Tags - Jharkhand Finance Minister Radhakrishna Kishore Scott vehicle Joint Secretary White Paper