logo

300 करोड़ की लागत से रबींद्र भवन बन कर तैयार, एक साल से कर रहा उद्घाटन का इंतजार

300 करोड़ की लागत से रबींद्र भवन बन कर तैयार, एक साल से कर रहा उद्घाटन का इंतजार

जीतेंद्र कुमारः
Jharkhand News: झारखंड के कलाकारों, कला प्रेमियों और इससे जुड़े लोगों का इंतजार खत्म ही नहीं हो रहा है। कलाकारों (Artist) को राजधानी रांची में अपनी कला का प्रदर्शन करने के लिए बनाए गए बहुद्देश्यीय रबींद्र भवन (Rabindra Bhawan)पिछले एक साल से बन कर तैयार है। लेकिन इसका उद्घाटन नहीं हो रहा है। नगर विकास विभाग के वरीय अधिकारी उद्घाटन नहीं हो पाने की वजह बताने से साफ इंकार कर रहे हैं। मालूम हो कि अत्याधुनिक सासंस्कृतिक एवं कला केंद्र (रबींद्र भवन) का उद्घाटन बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर 2025 को होना था। लेकिन अंतिम समय में इसके उद्घाटन को स्थगित कर दिया गया। इसके बाद फिर मई 2026 में भी इसका उद्घाटन करने की सुगबुगाहट हुई, लेकिन टाल दी गयी। अब तो रख रखाव और साफ-सफाई के अभाव में इस भवन की संरचनाएं और उसमें लगे उपकरण के भी खराब होने की संभावना जतायी जाने लगी है।


कुछ फैक्ट्स एंड फीगर
रबींद्र भवन का निर्माण रांची के कचहरी परिसर स्थित पुराने टाउन हॉल की जमीन पर की गयी है। तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास की सरकार में 16 दिसंबर 2016 को इसकी प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी। इस कला भवन का शिलान्यास तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 2017 में किया था। प्रारंभ में इसके निर्माण की अनुमानित लागत लगभग 167 करोड़ थी। इसके डिजाइन में कई बार किए गए बदलाव के कारण इसकी लागत बढ़ कर लगभग 294 करोड़ तक पहुंच गयी। अब यह पूरी तरह बन कर तैयार है। लेकिन उद्घाटन का इंतजार है।

1500 लोगों के बैठने वाला सभागार और आधुनिकतम सुविधाएं
रबींद्र भवन का निर्माण झारखंड के कलाकारों और कला प्रेमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया है। साथ ही सरकार ने इस भवन का निर्माण किसी बड़े आयोजनों और कार्यक्रमों के लिए भी कराया है। यहां बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम,नाटक,संगीत कार्यक्रम,साहित्यिक कार्यक्रम,कला प्रदर्शनियां,सम्मेलन के अलावा सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रम हो सकते हैं। राजधानी में एक पहला और एकमात्र भवन है, जहां एक साथ 1500 लोगों के बैठने वाला सभागार है। रांची में इतना बड़ा कोई दूसरा हॉल नहीं है। इतना ही नहीं रबींद्र भवन को केवल ऑडिटोरियम के रूप में नहीं बल्कि बहुद्देश्यीय सांस्कृतिक परिसर के रूप में भी विकसित किया गया है। इसमें कला दीर्घा/Art Gallery, प्रदर्शनी स्थल, पुस्तकालय, बैंक्वेट हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, VIP लाउंज/कमरे,कलाकारों के लिए ग्रीन रूम,रिहर्सल एवं प्रदर्शन की सुविधाएं, आधुनिक लाइटिंग और साउंड सिस्टम सहित कई अन्य सुविधाएं हैं। परिसर में पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गयी है। परिसर में लगभग 500 से अधिक चारपहिया और 400 से अधिक दो पहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गयी है। चारपहिया और 391 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था बताई गई थी। 4 एसी रूम बनाए गए हैं, साथ में शौचालय सहित अन्य सुविधाएं हैं ताकि बाहर से आने वाले अतिथि ठहर सकें। रबींद्र भवन में एक जिम, फूड कोर्ट, टी-स्टाल सहित म्यूजिक रूम व अन्य सुविधाएं हर फ्लोर पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है। इसमें जर्मन-निर्मित एडवांस्ड साउंड सिस्टम और अन्य आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग किया गया है।
 

Tags - Rabindra Bhavan Ranchi Art Cultural Program Jharkhand